ब्यूरो रिपोर्ट ओ पी श्रीवास्तव IBN NEWS चंदौली
जनपद चंदौली में शासन की मंशा नुरूप ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारियां अब सहायक विकास अधिकारी पंचायत एवं सहकारिता के कंधों पर होगी। प्रत्येक एडीओ को ब्लाक की सभी ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनके द्वारा गांवों में विकास कार्यो पर पैनी नजर रखी जायेगी। साथ ही विकास कार्यों के बदले भुगतान का अधिकार भी इन्हें ही दिया गया है। जनपद के वरीय अधिकारियों की नजर इनके कार्य एवं गतिविधियों पर रहेगी। किसी भी घपले पर सीधे कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
विदित हो कि ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 25 दिसम्बर को समाप्त हो गया था। शासन स्तर से ग्राम पंचायतों में विकास की गति धीमी न पड़ने पाए इसके लिए प्रशासक नियुक्त करने का फैसला लिया गया था। शासन ने नए ग्राम प्रधान की नियुक्ति एवं चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न न होने तक डीएम को इन प्रशासक की नियुक्ति की जिम्मेदारी सौंपी थी।
इसी के मद्देनजर चंदौली जिलाधिकारी ने एडीओ पंचायत बृजेश कुमार सिंह को सदर ब्लाक की सभी ग्राम पंचायत, एडीओ सहकारिता राजेश कुमार सिंह को बरहनी ब्लाक, एडीओ पंचायत राजेश कुमार श्रीवास्तव को नियामताबाद, राजेश कुमार सिंह को सकलडीहा, इंद्रभूषण दुबे को चहनियां, आलोक कुमार पांडेय को धानापुर, सत्येन्द्र कुमार श्रीवास्तव को चकिया, अखिलेश कुमार तिवारी को शहाबगंज और प्रेमचंद को नौगढ़ के ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारियां सौंपी हैं। एडीओ को इन पंचायतों में विकास कार्य के एवज में भुगतान के अधिकार दिए गए हैं।
बता दें कि फिलहाल ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय, मिनी सचिवालय आदि के विकास कार्य तेजी पर हैं, साथ ही मनरेगा के कार्य भी कराएं जा रहें हैं। इस प्रकार इन कार्यो पर उच्चाधिकारियों की नजर है। इस बाबत जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के सम्पादन के लिए सहायक विकास अधिकारियों को प्रशासक के रूप में नियुक्त किया है। सम्बंधित ब्लाक के सभी ग्राम पंचायतों का दायित्व इनके पास होगा। विकास कार्यो पर नजर रहेगी। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई तय है।