रिपोर्ट अंजनी कुमार IBN NEWS रायबरेली
रायबरेली । केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में लाए गए कृषि कानूनों को लेकर विपक्षी दलों द्वारा किए जा रहे धरना प्रदर्शन पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अतुल सिंह ने इसे विपक्ष का जनविरोधी चेहरा करार दिया और कहा कि भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से विपक्षी बौखलाए हुए हैं। लगातार जनता को गुमराह कर राजनैतिक जमीन बनाने की कोशिश की जा रही है। इसी क्रम में किसान भाईयों के बीच मतभेद पैदा कर उनकी उग्रता में विपक्ष के लोग संजीवनी तलाश रहे हैं।
श्री सिंह ने कहा देश की जनता अब जागरुक है और उसे अच्छे से मालूम है कि सत्ता में रहते विपक्षी दलों ने किसानों का कितना नुक्सान किया। आजादी के 70 साल बाद भी किसानों की दयनीय स्थिति के जिम्मेदार यही विपक्ष है जो आज किसानों की भलाई का मुखौटा ओढ़ कर देश का माहौल खराब कर रहा। भाजपा नेता ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानून किसानों के हित में हैं। इसे लेकर जो भी शंकाएं विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही है सरकार किसान संगठनों से वार्ता कर उनका समाधान कर रही है। जल्द ही भ्रम की तमाम साजिशों को बेनकाब कर विपक्ष को मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा।